देश में पहली बार कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा पहुंचा 9 लाख के पार, संक्रमित होने की दर आठ प्रतिशत से नीचे: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय
| 8/20/2020 9:56:50 PM

Editor :- Mohan Kumar

नई दिल्ली, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि भारत में कोविड-19 का पता करने के उद्देश्य से एक दिन में रिकॉर्ड 9,18,470 जांच की गईं जिससे देश में कोविड-19 की कुल की गई जांचों की संख्या 3.26 करोड़ से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा साँझा जानकारी के मुताबिक, देश में लोगों के संक्रमित होने की दर आठ प्रतिशत से नीचे पहुँच गई है। जांच की संख्या में लगातार वृद्धि होने से संक्रमण की दर में आनुपातिक गिरावट देखी जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से कहा गया, “ज्यादा संख्या में होने वाली जांच के कारण यद्यपि शुरू में संक्रमण दर बढ़ती है लेकिन जैसा कि कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त अनुभवों से स्पष्ट रूप से दिख रहा है, यह शीघ्रता से पृथक-वास में भेजने, संपर्क में आए लोगों की निगरानी और समय पर नैदानिक प्रबंधन जैसे उपायों को अपनाये जाने पर क्रमिक रूप से नीचे आती है।” देश में बुधवार को पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड नौ लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई। इसी के साथ भारत ने रोजाना 10 लाख नमूनों की जांच करने के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा दिया है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक कुल 3,26,61,252 नमूनों की जांच हो चुकी है। देश के लगभग हर कोने में जांच प्रयोगशालाओं की संख्या में वृद्धि होने से इस दिशा में महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल हुई है। मंत्रालय ने कहा, “इन केंद्रित कार्रवाइयों के कारण प्रति 10 लाख की आबादी पर जांच की संख्या में तीव्र बढ़ोतरी हुई और अब यह 23,668 है। इसमें लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।”
मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, “संक्रमण का राष्ट्रीय औसत 8 प्रतिशत से नीचे पहुंच गया है और 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह दर राष्ट्रीय औसत से भी कम है।” देश में फिलहाल 1494 प्रयोगशालाओं में नमूनों की जांच की जा रही है जिनमें 977 सरकारी क्षेत्र की हैं जबकि 517 निजी क्षेत्र की। भारत में बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमित मामलों की कुल संख्या बढ़कर 28,36,925 हो गई है। एक दिन में रिकॉर्ड 69,652 लोगों के संक्रमित होने का पता चला है जबकि एक दिन में 977 और मरीजों की जान चली जाने से देश में महामारी के कारण मरने वाले कुल मरीजों की संख्या 53,866 पर पहुँच गई है।
(भाषा)


Browse By Tags



Videos
Related News

Copyright © 2016 Sehat 365. All rights reserved          /         No of Visitors:- 557176