
Fortis Manesar celebrated the resilience of cancer
फोर्टिस मानेसर ने कैंसर की दृढ़ता का जश्न मनाया
मानेसर, 28 फरवरी, 2026:
फोर्टिस हॉस्पीटल मानेसर ने दृढ़ता, उम्मीद और कैंसर से आगे जिंदगी का संदेश देते हुए आज एक समर्पित सपोर्ट ग्रुप ‘नयी उड़ान’ लॉन्च किया है जो कैंसर जैसे महारोग को पटखनी दे चुके लोगों के प्रति श्रद्धांजलि है। इस मौके पर 200 से अधिक कैंसर रोगी भी एकत्र हुए जो फोर्टिस कैंसर इंस्टीट्यूट की ऑनकोलॉजी टीम की एक्सपर्ट केयर में अपना उपचार सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं। नयी उड़ान वास्तव में, एक मजबूत शुरूआत का प्रतीक है, जो न सिर्फ मरीजों के सरवाइवल का बल्कि जिंदगी का उपहार दोबारा प्राप्त करने के बाद उसे नई ताकत के साथ निभाने का भी जश्न मनाता है।
करीब दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम के दौरान इंटरेक्टिव सत्रों के अलावा संवाद सत्र आयोजित किए गए, इंस्टीट्यूट के कैंसर विशेषज्ञों के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने अपने-अपने अनुभवों को साझा किया, और उपचार पूरा होने के बाद के जीवन तथा भावनात्मक खुशहाली पर भी जोर दिया। इस आयोजन को कुछ हल्की-फुल्की मिठास से भरने के लिए स्टैंड-अप कॉमेडिशन प्रत्यूष चौबे ने कैंसर वॉरियर्स और उनके परिजनों को हंसाया, गुदगुदाया और यह संदेश दिया कि सकारात्मक सोच का उपचार पर अच्छा असर पड़ता है।.
डॉ विनय गायकवाड़, डायरेक्टर – सर्जिकल ओंकोलॉजी, फोर्टिस हॉस्पीटल मानेसर ने कहा, “नयी उड़ान की हमारे दिलों में बेहद खास जगह है। डॉक्टरों के स्तर पर, कैंसर का इलाज करना केवल एक पहलू होता है। असली खुशी हमें अपने मरीजों को अपना खोया आत्मविश्वास दोबारा पाने, खुशियों को दोबारा हासिल करने और जिंदगी में आगे बढ़ते देखकर होती है। यह पहल दरअसल, सरवाइवल और ताकत का जश्न मनाने के लिए है।”
डॉ ज्योति भट, सीनियर कंसल्टेंट, सर्जिकल ओंकोलॉजी, फोर्टिस हॉस्पीटल मानेसर ने कहा, “कैंसर केवल शरीर की ही परीक्षा नहीं लेता, बल्कि हमारे मस्तिष्क और आत्मा तक को झिंझोड़ देता है। नयी उड़ान मरीजों के साहस और उनकी देखभाल करने वाले लोगों का जश्न मनाता है और इलाज की प्रक्रिया से गुजर रहे मरीजों को यह संदेश भी देता है कि इस चरण के बाद उनके लिए उम्मीद और रोशनी की किरण तथा एक खुशहाल जिंदगी इंतजार कर रही है।”
डॉ मानसी चौहान, सीनियर कंसल्टेंट – ओंकोप्लास्टिक ब्रेस्ट सर्जन, फोर्टिस हॉस्पीटल मानेसर ने कहा, “हर सरवाइवर की कहानी दृढ़ता का संदेश है। नयी उड़ान के माध्यम से, हम अपने मरीजों को इस बात के लिए गर्व करने का अवसर देते हैं कि वे कैंसर के खिलाफ युद्ध में बहुत आगे तक आ गए हैं और अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त हैं। यह आत्म-विश्वास, हीलिंग और नई शुरूआत का जश्न है।”
अभिजीत सिंह, फेसिलिटी डायरेक्टर, फोर्टिस हॉस्पीटल मानेसर ने कहा, “नयी उड़ान शुरू करने के पीछे मुख्य विचार इलाज पूरा करने के बाद शुरू होने वाले सफर का जश्न मनाना है – यह सफर उम्मीद, ताकत और जीवन में एक नए उद्देश्य से भरा होता है। यह पहल उन मरीजों में भी आशा का
संचार करती है जो फिलहाल इलाज करवा रहे हैं और इसलिए भी प्रभावी है कि इस संदेश को देने वाले मरीज वे होते हैं जो खुद इस राह से गुजरने के बाद अब पहले से ज्यादा मजबूत इरादों वाले बन चुके हैं।