10 व 11 को लखनऊ में जुटेंगे फार्मसिस्ट

Lucknow: आगामी 10 व 11 अप्रैल को डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन (DPRA) का प्रांतीय अधिवेशन होगा। इसके लिए प्रदेश भर के फार्मसिस्ट राजधानी लखनऊ में जुटेंगे। इस दो दिवसीय अधिवेशन के लिए उन्हें विशेष अवकाश भी दिया गया है।

एसोसिएशन के जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने बताया कि इस आदेश के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यरत फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों को अधिवेशन में भाग लेने के लिए विशेष अवकाश दिया गया है। महानिदेशालय के इस आदेश से संगठन के सदस्यों में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि अधिवेशन की आधिकारिक घोषणा प्रांतीय अध्यक्ष जे.के. सचान और महामंत्री प्रद्युम्न सिंह द्वारा पहले ही की जा चुकी है। अधिवेशन में नई प्रांतीय कार्यकारिणी का चुनाव, फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों की लंबित मांगें, पदोन्नति की बाधाएं और शासन के साथ भविष्य के संवाद की रणनीति पर चर्चा होगी।

राजीव कनौजिया ने कहा कि यह अधिवेशन हमारे संवर्ग की एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए एक निर्णायक मंच साबित होगा। इस अधिवेशन के माध्यम से चुनी गई नई कार्यकारिणी आगामी कार्यकाल में फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों के मान-सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए शासन के साथ पुरजोर पैरवी करेगी। उन्होंने प्रदेश के समस्त जनपदों के पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की है कि वह भारी संख्या में लखनऊ पहुंचकर अपनी एकता का परिचय दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *