
- महीने के आखिरी वर्किंड डे पर होगा डॉक्टरों का वेलनेस सेशन
- मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के निदेशक ने जारी किया सर्कुलर
नई दिल्ली, सेहत संवाददाता
सरकारी अस्पाल में अनुशासन, मरीजों की सुरक्षा और स्वस्थ माहौल बनाए रखने के लिए मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल प्रशासन ने शुक्रवार को एक सर्कुलर जारी किया, जिसमें आर्थोपेडिक विभाग के रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। अहम यह है कि जारी निर्देशों के अनुसार कोई भी रेजिडेंट डॉक्टर ऐसे जगह सिगरेट नहीं पी सकेगा, जहां मरीजों का आना जाना हो, इसमें ओपीडी एरिया, ओटी और मरीजों के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय शामिल हैं, इसके साथ ही ओपीडी और वार्ड या ऐसी जगह जहां मरीज होते हैं वहां रेजिडेंट डॉक्टर खाने का बल्क ऑर्डर या ऑनलाइन ऑर्डर नहीं कर पाएगें।
मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के निदेशक और आर्थेपेडिक विभाग के प्रमुख डॉ ललित मैनी द्वारा जारी आदेश में छह प्रमुख बिंदुओं पर रेजिडेंट डॉक्टर्स के लिए गाइडलाइन जारी की गई है। जिसमें प्रत्येक माह के आखिरी वर्किंग डे पर चिकित्सकों के लिए दोपहर दो बजे से तीन बजे तक वेलनेस सेशन का आयोजन करना, ओपीडी, ओटी और पेशेंट एरिया में बल्क फूड ऑर्डर पर पाबंदी, लंच के समय का सख्ती से पालन करना जोकि दोपहर एक बजे से दो बजे तक हैं, ओटी, ओपीडी और वार्ड में सिगरेट का सेवन नहीं करना, रेजिडेंट डॉक्टर्स का मरीजों के प्रति अमानवीय व्यवहार नहीं किया जाना तथा बैच रिप्रेजेंटेशन शामिल है। इसमें हर बैच के डॉक्टर द्वारा नये बैच के डॉक्टर के लिए बैच प्रतिनिधि का चयन करना होगा, जो नये मेडिकल छात्र और पुराने मेडिकल छात्रों के बीच ब्रिज का काम करेगा। जिससे मरीजों का बेहतर इलाज करने, संवाद स्थापित करने और विषयों की समझ बेहतर करने में सहायता मिलेगी।