पीजीआई में हुआ पहला हार्ट ट्रांसप्लांट, महिला में धडक़ा डोनर का दिल

Lucknow: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के डॉक्टरों ने पहली बार हार्ट ट्रांसप्लांट में सफलता हासिल की है। यह प्रदेश का पहला हार्ट ट्रांसप्लांट है जो एक 40 वर्षीय महिला मरीज में किया गया है। प्रत्यारोपण के बाद महिला मरीज स्वस्थ्य है।

ट्रांसप्लांट दिल्ली के एक डोनर के जरिए किया गया। डोनर ने लिवर, गुर्दे और ह्दय समेत कई अंग दान किये। लिवर और गुर्दे का प्रत्यारोपण दिल्ली में ही किया गया जबकि हृदय को पीजीआई में भर्ती महिला मरीज के लिए भेजा गया। जिस मरीज में यह ट्रांसप्लांट किया गया, वह ह्दय की मांसपेशियों की बीमारी, डायलेटेड कार्डियोमायोपैथी के कारण गंभीर हार्ट फेल्योर से पीडि़त थी। दिल्ली से डोनर का हार्ट एयर एम्बुलेंस के माध्यम से लाया गया था। हार्ट को समय से पीजीआई तक पहुंचाने के लिए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से पीजीआई तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।

डाक्टरों का कहना है कि ह्दय प्रत्यारोपण एक जटिल लेकिन जीवनरक्षक सर्जरी है। जिसमें गंभीर हृदय रोग से जूझ रहे मरीज को किसी डोनर का स्वस्थ दिल प्रत्यारोपित किया जाता है। यह प्रक्रिया तब की जाती है जब दवाओं या अन्य उपचारों से लाभ नहीं मिलता। पीजीआई में भर्ती महिला मरीज का भी दिल काफी हद तक जवाब दे चुका था। लिहाजा मरीज में ह्दय प्रत्यारोपण का फैसला किया। जैसे ही दिल्ली में डोनर का पता चला। उसी दौरान जरूरी जांचें शुरू करा दी गई। प्रत्यारोपण से पहले डोनर और रिसीवर का ब्लड ग्रुप टिश्यू मैचिंग और अन्य जरूरी जांचें करायी गयीं। सर्जरी के दौरान मरीज के बीमार दिल को हटाकर डोनर का दिल लगाया गया। उसे प्रमुख रक्त वाहिकाओं से जोड़ा गया। घंटों तक चली सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह से स्वस्थ है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।

प्रत्यारोपण टीम में शामिल डॉक्टर

हार्ट ट्रांसप्लांट में सीवीटीएस विभाग के डॉ. एसके अग्रवाल, डॉ. शांतनु पांडे, डॉ. मिलिंद होते, डॉ विजय अग्रवाल, डॉ मुंशी, डॉ सिद्धार्थ, डॉ अरीब, डॉ अवनींद्र, डॉ सौरभ, डॉ विवेक, डॉ हर्ष, कॉर्डियोलॉजी विभाग के डॉ. आदित्य कपूर, डॉ. रूपाली खन्ना, डॉ. सत्येन्द्र तिवारी, डॉ अंकित साहू, एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. पुनीत गोयल, डॉ अमित, डॉ पल्लव सिंह, डॉ नितिन त्रिवेदी, डॉ आनंदिता कश्यप, डॉ मलिका धवल, डॉ श्रद्धा गंगेले, प्रोफेसर संजय धीरज, प्रोफेसर देवेंद्र गुप्ता व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहे।

सीएम, डिप्टी सीएम व राज्यपाल ने दी बधाई

राज्य के इस पहले सफल हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एसजीपीजीआई टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रदेश की उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार मल्टी आर्गन ट्रांसप्लांट कार्यक्रमों को हर संभव सहयोग देती रहेगी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस प्रत्यारोपण को राज्य के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश आधुनिक इलाज के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अंग प्रत्यारोपण बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *