
- छात्रों के धरना प्रदर्शन के बाद प्रधानाचार्या ने जारी किया ऑफिसियल पत्र
- कैंपस परिसर में आवारा कुत्तों को खाना नहीं खिलाएं छात्राएं, सफाई सहित, खाने की गुणवत्ता पर दिया जाएगा ध्यान
नई दिल्ली, सेहत संवाददाता
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज की छात्राओं द्वारा कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं के लिए किए प्रदर्शन के बाद बुधवार को अस्पताल प्रशासन द्वारा एक पत्र जारी किया गया। जिसमें छात्रों के प्रतिनिधि मंडल, अधिकारियों और संबंधित स्टॉफ से बातचीत पर प्रधानाचार्या ने समस्याओं का हल करने का आश्वासन दिया है। इसमें अहम यह है कि छात्राओं की एसी की समस्या का समाधान इस गर्मी में शायद नही होने वाला, प्रधानाचार्या ने निजी एसी न लग पाने की वजह बताते हुए कहा कि सुरक्षा कारणों कैंपस में इलेक्ट्रिक ओवर लोडिंग नहीं की जा सकती, छात्राएं यदि एसी में बैठना चाहती हैं तो इसके लिए न्यू एकेडमिक ब्लॉक में एक कॉमन रूम हैं, जहां छात्राएं बैठ सकती हैं, जहां तक हॉस्टल के कमरे में एसी उपलब्ध होने की बात हैं उसके लिए छात्राओं को नई हॉस्टल बिल्डिंग बनने तक इंतजार करना होगा, जिसका प्रस्ताव केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के पास भेजा गया है। जबकि हॉस्टल मेस का 30 लाख रुपया बकाया होने की बात भी कही गई है।
अस्पताल की प्रधानाचार्या द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कॉलेज परिसर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए एनडीएमसी और स्वयं सेवी संगठनों से बात की जाएगी, इसके साथ ही कहा गया कि कुछ मेडिकल छात्राएं आवारा कुत्तों को खाना खिलाती हैं, जिसकी वजह से कॉरिडोर में घुमते रहते हैं, पत्र में ऐसा नहीं करने की बात कही गई है। स्टूडेंट यूनियन से आवारा कुत्तों को पकड़ने में सहायता देनी की भी बात कही गई है। वहीं मेस के खाने को प्रधानाचार्या द्वारा पूरी तरह छात्र यूनियन द्वारा संविदा पर चलने की बात कहीं, जिसका 30 लाख रुपया बकाया है इसके लिए छात्रों से उसके ड्यूज क्लियर करने को कहा गया है, जिससे संविदा पर चलने वाली मेस सुविधा का बकाया बिल भरा जा सके। जबकि पानी की गुणवत्ता को सही करने के लिए अतिरिक्त स्टॉफ की नियुक्ति करने का आश्वासन दिया गया है।