
नई दिल्ली, 27 जुलाई, 2026
दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट द्वारा 25 से 27 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, हॉल संख्या-9, स्टॉल संख्या-56 पर “कैंसर जागरूकता, रोकथाम एवं स्क्रीनिंग (CAPS)” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना और कैंसर की रोकथाम संबंधी सेवाओं को लोगों तक निःशुल्क उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान मुख, स्तन, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) एवं प्रोस्टेट कैंसर की निःशुल्क स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त स्तन स्व-परीक्षण (Breast Self-Examination) का प्रशिक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, कैंसर जागरूकता सत्र और एचपीवी (HPV) संक्रमण एवं उसकी रोकथाम पर परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 09–15 वर्ष की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण रहा। लगभग 200 वैक्सीन डोज़ “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही एचपीवी-डीएनए सेल्फ टेस्टिंग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा विशेषज्ञों से कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
डॉ. सविता अरोरा, निदेशक, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट ने इस मौके पर कहा कि “कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसकी समय पर पहचान और प्रभावी रोकथाम से लाखों जीवन बचाए जा सकते हैं। हमारा उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता बढ़ाकर कैंसर की रोकथाम को जन-आंदोलन बनाना है। ऐसे सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से हम गुणवत्तापूर्ण निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
डॉ. प्रज्ञा शुक्ला, विभागाध्यक्ष, क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट ने कहा कि “नियमित स्क्रीनिंग से कैंसर का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। वहीं एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम है। हम सभी लड़कियों और उनके अभिभावकों से आग्रह करते हैं कि वे इस सुरक्षित और प्रभावी वैक्सीन का लाभ अवश्य उठाएँ।”
श्रीमती भारती जिनकी 13 वर्षीय पुत्री ने कार्यक्रम में एचपीवी वैक्सीन लगवाई, ने कहा कि “एक अभिभावक के रूप में मेरा मानना है कि अपने बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मैं दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की आभारी हूँ कि उन्होंने यह निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। डॉक्टरों ने हमारी सभी शंकाओं का धैर्यपूर्वक समाधान किया और पूरी प्रक्रिया बेहद सरल एवं व्यवस्थित रही। मुझे संतोष है कि मेरी बेटी अब भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेहतर सुरक्षा प्राप्त कर सकेगी।”
दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा ताकि देश को कैंसर से जितना सम्भव हो बचाया जा सके.इस शिविर में डीएससीआई की ओर से क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी, प्रिवेंटिव ऑन्कोलॉजी एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के चिकित्सकों, जिनमें डॉ. आकांक्षा एवं डॉ. प्रियंका शर्मा शामिल थीं. इनके साथ-साथ नर्सिंग ऑफिसर्स तथा अन्य सहयोगी स्टाफ ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।