
विश्व निमोनिया दिवस पर विशेष
नई दिल्ली:
दिवाली के धुएं के बाद अब उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है और इसके साथ ही फेफड़ों का खतरनाक संक्रमण निमोनिया भी लौट आया है। डॉक्टरों का कहना है कि यह बीमारी शुरुआत में बिल्कुल मामूली खांसी जैसी लगती है, लेकिन ध्यान न दिया जाए तो अस्पताल तक पहुंचा सकती है।
भारत में हर साल कम्युनिटी-अक्वायर्ड निमोनिया के करीब 40 लाख मामले सामने आते हैं, जो दुनिया के कुल मामलों का लगभग एक चौथाई है। इनमें से हर पांच में से एक मरीज को अस्पताल में भर्ती करना पड़ता है। सबसे ज्यादा खतरा 5 साल से कम उम्र के बच्चों को है। अनुमान के मुताबिक, भारत में हर साल निमोनिया और सांस से जुड़े संक्रमण से 1 लाख से ज्यादा बच्चों की मौत हो जाती है।
प्रदूषण के बाद ठंड बनी मुसीबत
आकाश हेल्थकेयर के सीनियर कंसल्टेंट और रेस्पिरेटरी एंड स्लीप मेडिसिन विभाग के HOD डॉ. अक्षय बुधराजा बताते हैं, “धुआं और बारीक कण सांस की नलियों को नुकसान पहुंचाते हैं और फेफड़ों के लिए कीटाणुओं को बाहर निकालना मुश्किल हो जाता है। प्रदूषित हवा उन इम्यून सेल्स को भी कमजोर कर देती है जो बैक्टीरिया को खत्म करते हैं। फिर मौसम बदलता है, लोग घरों में बंद हो जाते हैं और एक साधारण वायरल संक्रमण निमोनिया में बदल जाता है। दिवाली के बाद हर साल यही पैटर्न देखने को मिलता है।”
घरेलू नुस्खों में न उलझें
डॉक्टरों की सबसे बड़ी चिंता यही है कि लोग इसे मामूली बताते समझकर घर पर ही अदरक की चाय, भाप और पुरानी बची हुई एंटीबायोटिक से ठीक करने की कोशिश करते हैं।
जुपिटर हॉस्पिटल पुणे की कंसल्टेंट चेस्ट मेडिसिन एंड एलर्जी डॉ. श्रद्धा कुलकर्णी कहती हैं, “लोग हमें बताते हैं कि उन्हें लगा था ये बस सर्दी है, अपने आप ठीक हो जाएगी। जब तक वे हमारे पास पहुंचते हैं, संक्रमण फेफड़ों में गहराई तक फैल चुका होता है। जिसे घर पर साधारण दवाओं से ठीक किया जा सकता था, उसके लिए अब ऑक्सीजन और अस्पताल के बेड की जरूरत पड़ जाती है। अगर खांसी एक हफ्ते से ज्यादा रहे, या बुखार के साथ सांस फूलना या सीने में दर्द हो, तो तुरंत छाती की जांच कराएं। एक और घरेलू नुस्खा आजमाने की कोशिश न करें।”
किन्हें है सबसे ज्यादा खतरा?
बच्चे, बुजुर्ग, धूम्रपान करने वाले और डायबिटीज, अस्थमा या हृदय रोग से पीड़ित लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है। लेकिन गर्भवती महिलाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
नर्चर IVF की डॉ. अर्चना बजाज कहती हैं, “गर्भावस्था में महिला के इम्यून सिस्टम का काम करने का तरीका बदल जाता है और बढ़ते बच्चे की वजह से फेफड़ों को फैलने के लिए कम जगह मिलती है। गर्भवती महिलाएं तेजी से सांस लेती हैं और ज्यादा हवा अंदर लेती हैं, यानी प्रदूषण भी ज्यादा अंदर जाता है। एक सामान्य सी छाती का संक्रमण भी गर्भवती महिला को ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है। अगर खांसी या सांस फूलना ठीक न हो तो इंतजार करने के बजाय जल्द डॉक्टर को बताएं।”
बचाव के छोटे-छोटे उपाय
डॉ. अक्षय बुधराजा के मुताबिक, “बाहर निकलने से पहले एयर क्वालिटी चेक करें और बहुत ज्यादा स्मॉग वाले दिन सुबह की सैर छोड़ दें, क्योंकि प्रदूषण सुबह के समय सबसे ज्यादा होता है। एक अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क ढीले कपड़े वाले मास्क से कहीं ज्यादा सुरक्षा देता है।”
डॉ. श्रद्धा कुलकर्णी कहती हैं, “घर में कुछ भी जलाने से बचें, जब बाहर की हवा ठीक हो तो कमरों को हवादार करें और बेडरूम में प्यूरीफायर चलाएं। गर्म तरल पदार्थ और सही खानपान शरीर को लड़ने की ताकत देते हैं। इन्फ्लूएंजा और न्यूमोकोकल के टीके हर केस को नहीं रोकते, लेकिन खासकर बुजुर्गों और पुरानी बीमारी वालों में गंभीर बीमारी का खतरा कम कर सकते हैं।”
VNA हॉस्पिटल के डॉ. विनीत मल्होत्रा कहते हैं, “निमोनिया धीरे-धीरे उस व्यक्ति को भी जकड़ लेता है जो बस थोड़ा बीमार लग रहा था। खासकर पुरुष लक्षणों को नजरअंदाज करने के लिए बदनाम हैं। पचास-साठ साल के कई पुरुष, जिनमें से ज्यादातर को डायबिटीज है या धूम्रपान का लंबा इतिहास है, तब तक इंतजार करते हैं जब तक सांस फूलना उन्हें अस्पताल आने पर मजबूर न कर दे।”