SAMPADA सर्वे में एनीमिया की दर NFHS-5 से कम, बच्चों में सबसे बड़ा सुधार

(ICMR-NIN) conducted the Survey for Assessment of Markers of Population health, Activity, Diet, and Anthropometry (SAMPADA), a nationally representative, community-based cross-sectional survey, during 2023-25.
(ICMR-NIN) conducted the Survey for Assessment of Markers of Population health, Activity, Diet, and Anthropometry (SAMPADA), a nationally representative, community-based cross-sectional survey, during 2023-25.
  • बच्चों में एनीमिया की दर 64% से घटकर 41.8%, गर्भवती महिलाओं में 52% से 44% आई; महिलाओं और पुरुषों में भी गिरावट दर्ज

नई दिल्ली

देश में एनीमिया की स्थिति को लेकर ICMR-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (ICMR-NIN) के SAMPADA सर्वे से राहत देने वाले संकेत सामने आए हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) की तुलना में SAMPADA में बच्चों, महिलाओं, पुरुषों और गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की कम प्रचलित दर दर्ज की गई है। बच्चों में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि महिलाओं में अंतर अपेक्षाकृत मामूली रहा।

2023-25 के दौरान किए गए SAMPADA सर्वे में 2 लाख से अधिक लोगों को शामिल किया गया। सर्वे के तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, 12 से 59 महीने के बच्चों में एनीमिया की दर NFHS-5 के 64 प्रतिशत से घटकर 41.8 प्रतिशत रह गई। यानी 25.2 प्रतिशत अंक की गिरावट दर्ज की गई। 15 से 49 वर्ष की महिलाओं में एनीमिया की दर 57 प्रतिशत से घटकर 56 प्रतिशत रही। वहीं, इसी आयु वर्ग के पुरुषों में यह दर 25 प्रतिशत से घटकर 19 प्रतिशत दर्ज की गई, जो 6 प्रतिशत अंक कम है। गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की दर 52 प्रतिशत से घटकर 44 प्रतिशत रह गई, यानी 8 प्रतिशत अंक की कमी दर्ज हुई।

अलग–अलग वर्गों में एनीमिया की स्थिति

वर्ग NFHS-5 SAMPADA अंतर
बच्चे (12–59 माह) 64% 41.8% 25.2 अंक कम
महिलाएं (15–49 वर्ष) 57% 56% 1 अंक कम
पुरुष (15–49 वर्ष) 25% 19% 6 अंक कम
गर्भवती महिलाएं 52% 44% 8 अंक कम

SAMPADA सर्वे में हीमोग्लोबिन की जांच नस से रक्त लेकर ऑटोमेटेड एनालाइजर के माध्यम से की गई। सर्वे के तहत एनीमिया के साथ आयरन, विटामिन B12, फोलेट और अन्य सूक्ष्म पोषक तत्वों की स्थिति का भी आकलन किया गया। देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों में 81 हजार से अधिक परिवारों से आंकड़े जुटाए गए।

हालांकि, NFHS-5 और SAMPADA के आंकड़ों की तुलना करते समय सर्वे की पद्धति में अंतर को भी ध्यान में रखना जरूरी है। SAMPADA में नस से रक्त लेकर हीमोग्लोबिन मापा गया, जबकि NFHS-5 में कैपिलरी ब्लड आधारित जांच की गई थी। ऐसे में आंकड़े एनीमिया की स्थिति में सकारात्मक संकेत देते हैं, लेकिन दोनों सर्वे की जांच पद्धतियों के अंतर को ध्यान में रखकर ही इनके तुलनात्मक निष्कर्षों की व्याख्या की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *