
सर्दियों में मांसपेशियों में दर्द और क्रैम्प की समस्या
सर्दियों के मौसम में कई लोगों को रात में सोते समय अचानक पिंडलियों, पैरों या पंजों की मांसपेशियों में तेज खिंचाव और दर्द महसूस होता है। इसे नाइट लेग क्रैम्प्स (Night Leg Cramps) कहा जाता है। इस दौरान मांसपेशियां अचानक सिकुड़ जाती हैं, पैर में तेज दर्द होता है और कुछ सेकंड से लेकर कई मिनट तक राहत नहीं मिलती। कई बार दर्द इतना तेज होता है कि नींद खुल जाती है और पैर को सामान्य करने में समय लगता है।
आमतौर पर यह समस्या उम्र बढ़ने के साथ अधिक देखी जाती है, लेकिन युवाओं में भी हो सकती है। सर्दियों में इसकी आवृत्ति बढ़ने के पीछे ठंड, शारीरिक गतिविधियों में कमी, मांसपेशियों में अकड़न और कुछ अन्य कारण हो सकते हैं।
सर्दियों में क्रैम्प बढ़ने की प्रमुख वजहें
1. ठंड में मांसपेशियों का सिकुड़ना
ठंड के मौसम में शरीर गर्मी बनाए रखने के लिए मांसपेशियों और रक्त वाहिकाओं में बदलाव करता है। ठंड के कारण मांसपेशियों में अकड़न महसूस हो सकती है। यदि शारीरिक गतिविधि कम हो जाए और लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठे या सोए रहें, तो पैरों में ऐंठन की समस्या बढ़ सकती है।
2. शरीर में पानी की कमी
सर्दियों में प्यास कम लगने के कारण लोग अक्सर पर्याप्त पानी नहीं पीते। शरीर में पानी की कमी मांसपेशियों के सामान्य कामकाज को प्रभावित कर सकती है। डिहाइड्रेशन और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बिगड़ने से क्रैम्प होने की आशंका बढ़ सकती है।
3. मैग्नीशियम, पोटैशियम और कैल्शियम की कमी
मांसपेशियों के संकुचन और उन्हें दोबारा रिलैक्स होने की प्रक्रिया में कई मिनरल्स की भूमिका होती है। मैग्नीशियम, कैल्शियम और पोटैशियम का असंतुलन मांसपेशियों में ऐंठन का कारण बन सकता है। हालांकि, हर व्यक्ति में रात के क्रैम्प का कारण इन मिनरल्स की कमी ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है।
4. विटामिन की कमी क्या इसकी वजह हो सकती है?
कुछ मामलों में विटामिन की कमी भी मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं में भूमिका निभा सकती है। खासकर विटामिन B12 की कमी से नसों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे पैरों में झुनझुनी, सुन्नपन, जलन या कमजोरी महसूस हो सकती है।
क्रैम्प का उपचार
विटामिन D की कमी भी मांसपेशियों में कमजोरी और दर्द से जुड़ी हो सकती है। लेकिन केवल रात में पैर में क्रैम्प होना विटामिन की कमी का पक्का संकेत नहीं है। बिना जांच के विटामिन या मैग्नीशियम सप्लीमेंट लेना उचित नहीं है। सर्दियों में रात के समय पैरों में होने वाले क्रैम्प (मांसपेशियों की अचानक ऐंठन) का इलाज इसके कारण पर निर्भर करता है। अगर यह सामान्य मांसपेशियों में खिंचाव के कारण हो रहा है, तो अक्सर घरेलू उपायों और नियमित स्ट्रेचिंग से राहत मिल सकती है। लेकिन यदि बार-बार क्रैम्प हो रहे हैं, तो कारण की जांच जरूरी है।
1. क्रैम्प के समय तुरंत राहत
- पैर को सीधा करें और पंजों को अपनी तरफ, यानी घुटने की दिशा में धीरे खींचें।
- कुछ मिनट हल्की मालिश करें।
- खड़े होकर धीरे-धीरे चलने की कोशिश करें, यदि संभव हो।
- प्रभावित मांसपेशी पर गर्म तौलिया या गर्म पानी की बोतल से सिकाई करें।
2. सोने से पहले स्ट्रेचिंग
रात में क्रैम्प की समस्या होने पर सोने से पहले 5–10 मिनट पिंडलियों की स्ट्रेचिंग करना फायदेमंद हो सकता है। दीवार के सहारे खड़े होकर एक पैर पीछे रखें, एड़ी जमीन पर टिकाएं और धीरे-धीरे आगे झुकें। 20–30 सेकंड तक इस स्थिति में रहें और दोनों पैरों से दोहराएं।
3. गर्म पानी और पैरों को गर्म रखना
ठंड के कारण मांसपेशियों में अकड़न महसूस हो सकती है। सोने से पहले गुनगुने पानी से पैर धोना, गर्म मोजे पहनना और ठंडे फर्श पर नंगे पैर चलने से बचना आराम दे सकता है।
4. पानी और मिनरल्स की कमी पूरी करना
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं।
- केला, संतरा, पालक, दालें, बादाम, बीज और दूध जैसे खाद्य पदार्थ भोजन में शामिल करें।
- यदि शरीर में मैग्नीशियम, कैल्शियम या पोटैशियम की कमी है, तो डॉक्टर जांच के आधार पर इसे ठीक करने की सलाह दे सकते हैं।
जानकारी डॉ अतुल गोगिया, जनरल फीजिशियन दवारा दी गई

Senior Reporter