डीएचएस का तबादला, डॉ. वत्सला अग्रवाल को जीटीबी अस्पताल भेजा गया

The government has directed Dr Aggarwal to hand over the charge immediately to the officer concerned and submit a report accordingly.
The government has directed Dr Aggarwal to hand over the charge immediately to the officer concerned and submit a report accordingly.

नई दिल्ली

दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव करते हुए वरिष्ठ अधिकारी डॉ. वत्सला अग्रवाल की नई तैनाती का आदेश जारी किया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डॉ. वत्सला अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में पदस्थ किया गया है।

विभाग के आदेश में कहा गया है कि डॉ. अग्रवाल, जो अब तक निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (डीएचएस) के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें जीटीबी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर को रिपोर्ट करने और वहां कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही इस संबंध में पूर्व में जारी सभी आदेशों को निरस्त कर दिया गया है।

दिल्ली सरकार ने डीएचएस के पद पर अंतरिम व्यवस्था भी की है। आदेश के मुताबिक, जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (जेपीसीएच) की मेडिकल सुपरिटेंडेंट को अगले आदेश तक अपने मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (डीएचएस) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह फैसला सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लिया गया है और इसे दिल्ली के उपराज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त है। आदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उप सचिव (एचआर-मेडिकल) द्वारा जारी किया गया।

इस प्रशासनिक फेरबदल को दिल्ली के स्वास्थ्य प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। जीटीबी अस्पताल राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में डॉ. वत्सला अग्रवाल की तैनाती को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

आदेश की प्रतिलिपि स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय, मुख्य सचिव, जीटीबी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर, डीएचएस कार्यालय तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *