
Lucknow: किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के डाक्टरों ने दो साल की बच्ची को न सिर्फ असहनीय पेट दर्द से निजात दिलायी बल्कि उसके पेट से डेढ़ किलो का ट्यूमर निकाल उसे जीवनदान भी दिया। पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डा. जेडी रावत (Dr. J.D. Rawat) ने बताया कि यह आपरेशन काफी जटिल था क्योंकि सर्जरी से पहले बच्ची का वजन मात्र 10 किलो था।
बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम काबरा निवासी शिवम की दो वर्षीय बेटी अंशिका पिछले करीब दो महीनों से लगातार पेट दर्द से परेशान थी। समय के साथ दर्द बढ़ता गया और बच्ची की हालत बिगडऩे लगी। उसकी भूख लगभग खत्म हो गई थी और उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। परिजन पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराते रहे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर बच्ची को केजीएमयू रेफर किया गया।
CT Scan में दिखा दुर्लभ Lipoblastoma Tumor
केजीएमयू पहुंचने पर पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रो. आनंद पांडे ने बच्ची की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद डॉक्टरों ने पेट का CT स्कैन कराया। जांच रिपोर्ट में पेट के अंदर एक बड़ा ट्यूमर दिखाई दिया। डॉक्टरों ने इसे ‘लिपोब्लास्टोमा’ (Lipoblastoma) नाम का दुर्लभ ट्यूमर बताया। विशेषज्ञों के अनुसार, लिपोब्लास्टोमा बच्चों में होने वाला बेहद दुर्लभ ट्यूमर होता है, जो शरीर के फैट टिश्यू से विकसित होता है। यह पेट के अलावा हाथों और पैरों में भी हो सकता है।
कई महत्वपूर्ण अंगों को दबा रहा था ट्यूमर
डॉक्टरों के मुताबिक 1.5 किलो का यह ट्यूमर बच्ची की आंतों, दाहिने गुर्दे और पेट के अन्य हिस्सों पर दबाव बना रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. जेडी रावत ने परिजनों को तत्काल सर्जरी की सलाह दी। बच्ची को 27 अप्रैल 2026 को अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके बाद प्रो. रावत की निगरानी में जटिल ऑपरेशन किया गया। जहां बेहद सावधानी और सूक्ष्म तकनीक के जरिए डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक ट्यूमर को शरीर से बाहर निकाल दिया।
अब पूरी तरह स्वस्थ है बच्ची
सर्जरी के बाद बच्ची की हालत तेजी से सुधरी और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है।
सर्जरी टीम में शामिल डाक्टर
प्रो. जेडी रावत की देखरेख में प्रो. आनंद पांडे, डॉ. राहुल राय, डॉ. कौशल कुलकर्णी और डॉ. कृति पटेल ने इस सर्जरी को सफलतापूवर्क अंजाम दिया। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व प्रो. सतीश वर्मा ने किया।

Senior Correspondent