
- मेडिकल स्टूडे्ंट्स ने अपने खर्च पर एसी लगाने की बात कहीं तो वार्डन ने किया सिरे से खारिज
नई दिल्ली, सेहत संवाददाता
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और कलावती बाल सरन चिकित्सालय के छात्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कैंपस परिसर में धरना प्रदर्शन किया। मेडिकल छात्रों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बाद भी छात्रों को बिना एसी के रूम में काम करना पड़ रहा है, छात्रों ने जब अपनी खर्च एसी लगाने की बात कही तो वार्डन ने उसे सिरे से खारिज कर दिया, और कहा कि पुरानी वायरिंग होने की वजह से एसी लगना संभव नहीं है। मेडिकल छात्रों का यह भी कहना है कि जब वार्डन एसी में रहकर काम कर सकती है तो छात्र गर्मी को क्यों झेल रहे हैं।
एसी के साथ ही छात्रों ने हॉस्टल मेस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता पर भी प्रश्न उठाया, हॉस्टल के खाने में कीड़े, गंदगी और अनहाइजीन क्वालिटी सहित कई पीने के पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए गए। मेडिकल छात्रों ने कहा कि पीने के पानी के कूलर को लंबे समय से साफ नहीं किया गया है, जिसकी वजह से छात्र दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। यहां तक कि शौचालय और रहने की व्यवस्था भी स्वच्छ नहीं होने की वजह से छात्रों ने कई तरह के संक्रमण होने की बात कही। इसके साथ ही छात्रों ने कैंपस कॉरिडोर में स्ट्रे डॉग्स के आतंक की भी बात की, अस्पताल परिसर में बाहरी कुत्ते घुमते रहते हैं जो अकसर छात्रों को काट लेते हैं। मेडिकल छात्रा ने बताया कि एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहीं छात्राएं ऐसे हालात में पढ़ाई करने को मजबूर हैं जहां वह खुद बीमारी की शिकार हो सकती हैं। छात्रों की समस्याओं को स्ट्डेंट्स मेडिकल संगठनों ने गंभीरता ने उठाया है फायमा के अध्यक्ष डॉ रोहन कृष्णा और डॉ मनीष जांगड़ा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर समस्या की ओर संबंधित अधिकारियों का ध्यान केंद्रित करने की कोशिश की है। वहीं कॉलेज प्रबंधन से इस बावत जानकारी ली गई तो संपर्क नहीं हो पाया।