लखनऊ
अमरनाथ यात्रा के लिए इस बार मेडिकल बनवाना और आसान होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अब तीन नहीं बल्कि पांच अस्पतालों में मेडिकल बनवाने की व्यवस्था की गयी है। इससे श्रद्धालुओं को लाइन में लगकर घंटों इंतजार नहीं करना होगा, जल्द ही उनका मेडिकल बन सकेगा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने मांग की थी कि हर शहर में दो के बजाए पांच अस्पतालों में स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था की जाए। उनकी इस मांग को स्वास्थ्य विभाग ने मान्य किया है। अस्पतालों में यात्रियों के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने की व्यवस्था की जा रही है। मालूम हो कि अमरनाथ की पावन यात्रा इस बार तीन जुलाई से शुरू होकर नौ अगस्त तक चलेगी। बाबा बर्फानी के दिव्य भव्य दर्शन के लिए यात्रा में जाने के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पंजीकरण 14 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं। अमरनाथ की यात्रा में पंजीकरण करवाने के लिए हर श्रद्धालु का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बहुत जरूरी होता है। लखनऊ के दो अस्पतालों श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल और रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त अस्पताल में प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था थी। श्राइन बोर्ड की मांग पर इस बार अब पांच अस्पतालों में स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। इन अस्पतालों की सूची श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। अब बलरामपुर, लोकबंधु राजनारायण और महानगर बीआरडी अस्पताल में भी प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। पांच अस्पतालों को मान्य करते हुए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करने की अनुमति दे दी है। इससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।